दुबई, 01 मार्च (वार्ता) ईरान द्वारा रविवार को संयुक्त अरब अमीरात पर किए गए हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 अन्य लोग घायल हुए हैं।
यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में दी। मंत्रालय के अनुसार, मारे गए तीनों लोग पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक थे। उनकी मृत्यु उन ईरानी ड्रोन हमलों के कारण हुई, जो यूएई की वायु रक्षा प्रणाली को भेदते हुए जमीन पर क्षति पहुंचाने में सफल रहे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने कुल 165 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से 152 को वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया, जबकि 13 समुद्र में गिर गईं। इसके अलावा, दो क्रूज़ मिसाइलों का भी पता लगाकर उन्हें मार गिराया गया।
मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने कुल 541 ड्रोन भी लॉन्च किए, जिनमें से 506 को बीच में ही रोक लिया गया, जबकि 35 ड्रोन देश की सीमा के भीतर गिरे।
बयान में कहा गया कि बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराने की कार्रवाई के दौरान उनके कुछ मलबे देश के विभिन्न हिस्सों में गिरे, जिससे कुछ नागरिक संपत्तियों को हल्का और मध्यम स्तर का नुकसान पहुंचा।
