नयी दिल्ली/नदिया 01 मार्च (वार्ता) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को पश्चिम बंगाल के नदिया में ‘परिवर्तन यात्रा’ को संबोधित करते हुए राज्य की ममता बनर्जी की नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर कानून-व्यवस्था की बदहाली, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और औद्योगिक पतन के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने “पलटानो दरकार, चाई भाजपा सोरकार” का संकल्प ले लिया है।
श्री नड्डा ने सुश्री बनर्जी पर निशाना साधते हुये कहा कि कभी औद्योगिक, व्यापारिक और बौद्धिक नेतृत्व के लिए प्रसिद्ध रहा बंगाल आज पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि कोलकाता, हल्दिया, आसनसोल और दुर्गापुर जैसे शहर कभी औद्योगिक केंद्र थे, लेकिन पिछले 14–15 वर्षों में हजारों औद्योगिक इकाइयां बंद हुईं या राज्य से बाहर चली गईं। उन्होंने दावा किया कि आजादी के समय देश के औद्योगिक उत्पादन में बंगाल की हिस्सेदारी लगभग 24 प्रतिशत थी, जो अब घटकर लगभग 3.5 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई उद्योग महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में स्थानांतरित हो गए तथा छोटे और पारंपरिक उद्योगों को पर्याप्त संरक्षण नहीं मिला।
श्री नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार बंगाल में अपराध के मामलों में वृद्धि हुई है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार पर कठोर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
श्री नड्डा ने प्रदेश में घुसपैठ को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमाओं की सुरक्षा के लिए भूमि उपलब्ध नहीं करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सीमा पर बाड़बंदी और सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने पश्चिम बंगाल को केंद्र द्वारा दिए जा रहे सहायता और वित्तीय मदद, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे परियोजनाओं और मेडिकल कॉलेजों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 101 स्टेशनों का विकास हो रहा है, जिनमें नवद्वीप धाम भी शामिल है, और राज्य में वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
श्री नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया, जिससे लाखों परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सभी केंद्रीय योजनाओं को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
श्री नड्डा ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और ‘वंदे मातरम्’ का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि संसद में इसके 150 वर्ष पूरे होने के उल्लेख पर विपक्ष ने हंगामा किया।
श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर परिवर्तन का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी और “कमल खिलेगा”, जिससे बंगाल विकास की राह पर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के माध्यम से भाजपा ने राज्य में चुनावी अभियान को तेज कर दिया है, जबकि टीएमसी की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
