पालीवाल मार्बल माइंस में संदिग्ध परिस्थितियों में क्रेन ऑपरेटर की मौत

कटनी/स्लीमनाबाद। जिले की खदानों में मजदूरों की सुरक्षा और श्रम कानूनों के पालन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के डोंगरिया निवासी 40 वर्षीय इनोद कुशवाहा की पालीवाल मार्बल माइंस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक खदान में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद से ही खदान प्रबंधन की संदिग्ध कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में आ गई है, वहीं परिजनों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रात 11 बजे गई जान, परिजनों को सूचना दिए बिना अस्पताल पहुंचाया शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 11 बजे की है। आरोप है कि खदान में कार्य के दौरान इनोद कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि परिजनों को तत्काल सूचना देने के बजाय खदान प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में शव को जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया। परिवार को कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई, बल्कि अन्य माध्यमों से उन्हें इस अनहोनी का पता चला। परिजनों का सवाल है कि आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद उन्हें समय पर सूचना क्यों नहीं दी गई और मामले को छिपाने का प्रयास क्यों किया गया?

24 घंटे काम कराने और श्रम नियमों के उल्लंघन का आरोप

मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इनोद कुशवाहा से कंपनी में लगातार 24 घंटे तक काम लिया जाता था। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो यह श्रमिकों के कार्य समय, स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है। सवाल यह उठता है कि क्या खदान में कर्मचारियों की ड्यूटी का कोई निर्धारित रोस्टर या समय नहीं था? क्या लगातार काम के दबाव ने उनकी जान को खतरे में डाला?

मैनेजर मनोज गुप्ता पर समझौते के दबाव का आरोप

मामले को तूल देने वाला एक अन्य गंभीर आरोप कंपनी के मैनेजर मनोज गुप्ता पर लगा है। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद आर्थिक प्रलोभन देकर और पैसे के दम पर मामला दबाने व खत्म करने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना और प्रबंधक पक्ष का आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है, लेकिन इस तरह के आरोपों ने प्रशासनिक सुगबुगाहट तेज कर दी है।

इन बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच की मांग:

1. सीसीटीवी फुटेज व रिकॉर्ड:खदान परिसर के सीसीटीवी कैमरों, क्रेन संचालन के लॉग और ड्यूटी रजिस्टर की बारीकी से जांच हो।

2. कार्य के घंटे: मृतक से लिए जाने वाले कार्य के घंटों और श्रम कानूनों के पालन की समीक्षा हो।

3. अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया: घटना के तुरंत बाद बिना परिजनों को सूचित किए शव को अस्पताल क्यों और किसके निर्देश पर ले जाया गया, इसकी पड़ताल हो।

इनोद कुशवाहा की इस संदिग्ध मौत ने एक हंसते-खेते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह मामला केवल एक श्रमिक की असामयिक मृत्यु तक सीमित नहीं है, बल्कि कटनी जिले की तमाम खदानों में काम करने वाले सैकड़ों मजदूरों की सुरक्षा और जीवन रक्षा से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा बन गया है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करता है।

Next Post

आदिवासियों ने सिर्फ अंग्रेजों से ही नहीं, बल्कि मुगलों से भी लड़ाई लड़ी: सीएम 

Sat Nov 14 , 2026
जबलपुर। आदिवासियों ने केवल अंग्रेजों से ही नहीं, बल्कि मुगलों से भी लड़ाई लड़ी। उन्होंने स्वधर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। हमारे पास ऐसे आदिवासी नायकों की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अपनी पहचान के लिए लड़ाई लड़ी। उक्ताशय के विचार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन […]

You May Like