अहमदाबाद, 19 सितंबर (वार्ता) सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का 490 करोड़ रुपये का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम ( आईपीओ) 23 सितंबर को खुलेगा। कंपीन की ओर से शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि इक्विटी शेयरों का कुल ऑफर साइज 490 करोड़ रुपये तक है, जिसमें 440 करोड़ रुपये तक का नया इश्यू और सेलिंग शेयरधारकों द्वारा 50 करोड़ रूपये तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है। एंकर निवेशक बोली लगाने की तारीख सोमवार, 22 सितंबर होगी। बोली/प्रस्ताव सब्सक्रिप्शन के लिए मंगलवार, 23 सितंबर को खुलेगा और गुरुवार, 25 सितंबर को बंद होगा। ऑफर का प्राइस बैंड 333 से 351 रूपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। न्यूनतम 42 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 42 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगाई जा सकती है।
कंपनी इक्विटी शेयरों के नए इश्यू और प्री-आईपीओ से प्राप्त शुद्ध आय का उपयोग अपने सहायक, कार्तिक सोलरवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड (केएसपीएल) में निवेश के लिए करना चाहती है ताकि मध्य प्रदेश, भारत में 1.2 गीगावॉट सौर पीवी टॉपकॉन सेल विनिर्माण सुविधा (पांढुर्णा परियोजना) की स्थापना के लिए आंशिक वित्तपोषण किया जा सके और शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जा सके।
