
इंदौर/महू. पूरे देश की नजर जिस नीट यूजी परीक्षा पर टिकी है, उससे ठीक पहले महू के परीक्षा केंद्र की सुरक्षा में बड़ी सेंध सामने आई. सेंटर पर लगे दो सीसीटीवी कैमरे चोरी हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. हालांकि बड़गोंदा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कैमरे बरामद कर लिए.
घटना 19 जून की शाम की है, जब भेरूलाल पाटीदार शासकीय पीजी कॉलेज में बनाए गए नीट परीक्षा केंद्र के मेन गेट और कॉमर्स बिल्डिंग के एग्जाम रूम से कैमरे गायब हो गए थे, ये कैमरे परीक्षा से पहले सुरक्षा मजबूत करने के लिए ही लगाए गए थे.
मामले में प्राचार्य डॉ. प्रवीण ओझा की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद मिली, जिसके आधार पर महू के गवली पलासिया में रहने वाले 19 वर्षीय हिमांशु वर्मा और 20 वर्षीय विनय शर्मा दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
शनिवार को लिखित सूचना पर प्रकरण दर्ज कर तुरंत कार्रवाई की गई. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए दोनों कैमरे बरामद कर लिए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी वारदात के बाद कैमरों को तोड़कर कॉलेज के पीछे मैदान में फेंककर भाग गए थे. अब यह जांच की जा रही है कि परीक्षा से ठीक पहले कैमरे चोरी करने के पीछे उनका असली मकसद क्या था.
इधर प्राचार्य डॉ. प्रवीण ओझा ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल दिल्ली, भोपाल और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भेज दी गई थी. साथ ही सुरक्षा में लापरवाही को लेकर चौकीदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि नए कैमरे लगाकर सेंटर की सुरक्षा फिर से पुख्ता कर दी गई है और जैमर, मेटल डिटेक्टर के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया है.
विस्तृत पूछताछ जारी : थाना प्रभारी
बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने नव भारत को बताया कि दोनों आरोपी वहां पानी पीने भी गए थे. एक स्थान पर पुराना और एक नया कैमरा लगा था, जिसकी डोरी दिखने पर उन्होंने उसे खींच लिया, जिससे कैमरा नीचे गिर गया. फिलहाल जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और घटना प्रथम दृष्टया अनजाने में होना प्रतीत हो रही है, हालांकि दोनों से विस्तृत पूछताछ जारी है.
