रबी पर राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन सोमवार से, केवीके वैज्ञानिक पहली बार होंगे शामिल

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन (रबी 2025) सोमवार को राजधानी में प्रारंभ होगा। यह सम्मेलन पहली बार दो दिनों के लिए आयोजित किया गया है और साथ ही इसमें पहली बार कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

कृषि मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन रबी अभियान 2025 पूसा संस्थान में आयोजित हो रहा है। इसमें कई राज्यों के कृषि मंत्री, सहित अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। इसके पहले दिन रबी 2025-26 सीज़न से जुड़ी तैयारियों, पैदावार लक्ष्य और रणनीतियों पर चर्चा होगी। दूसरे दिन केंद्रीय कृषि मंत्री, राज्यों के कृषि मंत्री और अन्य नई तकनीक, उन्नत बीज और किसानों तक उनकी पहुंच तय करने के तरीकों पर बात करेंगे।

इस बार सम्मेलन में कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के वैज्ञानिकों को भी विशेष रूप से बुलाया गया है ताकि वे अपने अनुभव और चुनौतियां साझा कर सकें। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाएँ, मौसम पूर्वानुमान, उर्वरक प्रबंधन और तकनीकी जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। यह सम्मेलन न केवल रबी 2025-26 की बुवाई के लिए कार्ययोजना और पैदावार रणनीति तय करेगा, बल्कि किसानों की आय वृद्धि, टिकाऊ कृषि प्रणाली और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

 

Next Post

शाह ने 100 करोड़ रुपए की 'दीकरी दत्तक' योजना का किया लोकार्पण

Sun Sep 14 , 2025
अहमदाबाद, 14 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार धाम में फेज-2 कन्या छात्रालय और 100 करोड़ रुपए की ‘दीकरी दत्तक योजना’ (बेटी दत्तक योजना) का लोकार्पण किया। श्री शाह और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर […]

You May Like