रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को देवरी-अल्दा गांव के ग्रामीणों के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि मंत्री टंकराम वर्मा के निर्वाचन क्षेत्र में ग्राम पंचायतों की सहमति और प्रस्तावों को दरकिनार कर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। बघेल ने कहा कि बिना ग्राम सभा और पंचायत की एनओसी के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कराया गया और इसका विरोध करने वाले ग्रामीणों को ही परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार प्रशासन से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “स्थिति ऐसी हो गई है जैसे उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुम्हारी में हुए आग और सिलेंडर ब्लास्ट हादसे को लेकर राज्य सरकार तथा बिजली विभाग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में खराब बिजली पोल और तारों को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए।
बघेल ने कहा कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और लापरवाही के कारण चार लोगों की मौत हुई। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा मृतकों के परिजनों को अधिक मुआवजा देने की मांग की।
