इंदौर: पुलिस की सख्ती और लगातार कार्रवाई के बाद अब शहर के ड्रग्स तस्करों ने नया तरीका अपना लिया है. पुलिस की नज़रों से बचने के लिए अब ये गैंग नाबालिग बच्चों और महिलाओं के माध्यम से नशे की बिक्री करा रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में ऐसे एक दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं.हाल ही में भागीरथपुरा क्षेत्र से पुलिस ने गौरव यादव को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया.
उसके पहले कुछ नाबालिगों को पकड़ा था, जिन्होंने पूछताछ में उसका नाम बताया था. इसी तरह, आजाद नगर पुलिस ने कुछ दिन पहले कुख्यात महिला पैडलर पंगुबाई को गिरफ्तार किया था, जिसके खिलाफ पहले से ही 31 केस दर्ज हैं. पंगुबाई भी इलाके में बच्चों से नशा बिकवाती थी. क्राइम ब्रांच की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अब तक दर्जनों नाबालिग पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं, जिन्हें तस्कर छोटी-मोटी डिलीवरी में लगाते हैं.
इनमें से ज्यादातर आरोपी शहर के पुराने बदमाश हैं, जो अब ड्रग्स नेटवर्क चला रहे हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस अवैध कारोबार में सक्रिय हैं. बीते पंद्रह दिनों में पुलिस ने पंगुबाई, सीमा नाथ के अलावा द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से सिमरन कौर को अल्प्राजोलम गोलियों की खेप के साथ और तेजाजी नगर पुलिस ने एक गुंडे की पत्नी को गांजे की खेप के साथ एक्टिवा पर पकड़ा था. एडीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि ड्रग्स नेटवर्क को तोड़ने के लिए अब डिलीवरी चेन में शामिल नाबालिगों और महिलाओं की निगरानी बढ़ाई जा रही है.
