पुलिस ने किया 24 घंटे में दो चोरी का खुलासा एक से मंगलसूत्र, दूसरे से लाखों का माल बरामद

रतलाम। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बुधवार को दो बड़ी सफलताएं मिलीं। माणकचौक और पिपलोदा थाना पुलिस ने अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया लाखों रुपये का मशरूका बरामद किया है। दोनों मामलों में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में शामिल टीमों की सराहना की है।

सीसीटीवी फुटेज,तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ाया आरोपी

माणकचौक थाना पुलिस ने एक महिला का चोरी हुआ सोने का मंगलसूत्र बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को ग्राम पग्गीपाड़ा निवासी सोना पति मुन्नालाल पग्गी अपनी माता एवं काकी के साथ आभूषण खरीदने रतलाम आई थी। खरीदारी के दौरान रामगढ़ रोड स्थित एक साड़ी दुकान से उसका झोला चोरी हो गया, जिसमें लगभग 70 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र रखा था। प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच की। पूछताछ में आरोपी संजय पिता तेजराम गणावा (35) निवासी शिवपुर, थाना बिलपांक ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 21 सोने के मोती और पेंडल सहित मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।

पड़ोसी निकला चोर

पिपलोदा थाना पुलिस ने भी चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 8-9 जून की रात झाला नगर स्थित एक मकान में छत की चद्दर हटाकर चोरी की गई थी। पुलिस को जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले जितेन्द्र पिता कारूलाल बागरी (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। निशानदेही पर पुलिस ने एक लोहे की पेटी, 75 हजार रुपये नकद तथा 1 किलो 911 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण बरामद किए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।

Next Post

ईशान के अर्धशतक की बदौलत फाल्कन्स सेमीफाइनल की दौड़ में कायम

Wed Jun 10 , 2026
मुंबई, 10 जून (वार्ता) बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में नुवामा प्राइवेट टी 20 मुंबई लीग 2026 के लीग-स्टेज के दूसरे आखिरी मैच में, सोबो मुंबई फाल्कन्स ने टेबल-टॉपर्स नॉर्थ मुंबई पैंथर्स को सात विकेट से हराकर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदें ज़िंदा रखीं। हालांकि, इस हार का पैंथर्स पर कोई असर […]

You May Like