
भोपाल।ऑल इंडिया पुलिस गेम्स और ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता के विजेता खिलाडि़यों ने गुरूवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से मुलाकात की. यह दोनों चैम्पियनशिप बीते 13 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक अमरावती आंध्रप्रदेश में तथा 8 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक जम्मू कश्मीर में आयोजित हुई थी. मकवाणा ने खिलाडियों को प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल तथा कांस्य पदक जीतने पर बधाई औऱ निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने के लिये शुभकामनायें दीं. उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी शारीरिक क्षमताओं को बढ़ाते हुए व्यावसायिक दक्षता भी सिद्ध कर रही है.
उन्होने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस के अनुशासन, संकल्प और क्षमता का प्रतीक है. यह जीत केवल पदक नहीं, बल्कि पुलिस के अनुशासन, प्रशिक्षण, समर्पण और साहस का प्रतीक है. इनकी मेहनत और कौशल यह दर्शाता है कि पुलिस कर्मी सिर्फ कानून और व्यवस्था के संरक्षक नहीं, बल्कि खेल और फिटनेस के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट हैं।मध्यप्रदेश पुलिस को इन सभी खिलाडियों पर गर्व है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि खेलों में इस प्रकार की सफलता पुलिस बल की सशक्त, सकारात्मक और प्रेरक छवि को और अधिक मजबूत करती है.
पुलिस महानिदेशक से सौजन्य भेंट करने पहुँचे खिलाडि़यों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वलि, कमांडेंट 7वी वाहिनी हितेश चौधरी भी उपस्थित थे. साथ ही टीम मेनेजर सहायक सेनानी 23 वीं वाहिनी राजेश भांगरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैंड कमला रावत भी उनके साथ थी. उल्लेखनीय है कि अमरावती (आंध्र प्रदेश) में आयोजित 13 से 17 अक्टूबर तक पांच दिवसीय “ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025” में मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया.
