
छतरपुर। बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज 14 जनवरी को छतरपुर पहुंचे। अपने छतरपुर प्रवास के दौरान उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यालय छतरपुर जिला मुख्यालय के सागर रोड स्थित बिराज गार्डन परिसर में स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम धार्मिक वातावरण और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। बागेश्वर धाम सरकार ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज को धर्म, संस्कार और सेवा के मार्ग से जोड़ने का कार्य करते हैं।
सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति के सदस्य सुंदरलाल रैकवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यालय बागेश्वर धाम सरकार से जुड़े धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। समिति के माध्यम से सुंदरकांड पाठ, धार्मिक आयोजन, सामाजिक सेवा और अन्य कार्यक्रमों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
समिति का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, धार्मिक जागरूकता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान समिति पदाधिकारी, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
