विदिशा: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में मामा कोचिंग क्लासेस का शुभारंभ करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के सपने संसाधनों की कमी से अधूरे नहीं रहने दिए जाएंगे। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित ओशो आश्रम परिसर में शुरू हुए इस संस्थान में ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। कार्यक्रम में साधना सिंह और कार्तिकेय सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोचिंग क्लास केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का अभियान है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ करियर काउंसलिंग, रोजगार और स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। देश भर के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को दिशा देंगे।
उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास और मेहनत का संदेश दिया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजनीति समाज सेवा का सशक्त माध्यम बन सकती है और भविष्य में रायसेन व भैरूंदा में भी ऐसी कोचिंग शुरू की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य, दिव्यांग सहायता, बेटियों के विवाह और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं की भी जानकारी दी।
