
पन्ना, पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र स्थित पूर्व ग्राम कनेरी में अपनी मांगों को लेकर डटे विस्थापित ग्रामीणों का धरना शनिवार को तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। वरिष्ठ वन अधिकारियों और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता तथा आत्मीय संवाद के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया। इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बाघों के विचरण वाले इस बेहद संवेदनशील कोर क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल पूरी रात खुले आसमान के नीचे ग्रामीणों के साथ ही डटे रहे। दरअसल, वर्ष 2007-08 में ग्राम सभा की सहमति से कनेरी गांव का विस्थापन किया गया था। उस समय पात्र परिवारों को मुआवजा राशि देने के साथ ही पुखरा क्षेत्र में दो-दो हेक्टेयर कृषि भूमि भी आवंटित की गई थी, लेकिन बाद में जमीन को कम उपजाऊ बताकर अधिकांश ग्रामीणों ने वहां जाने से इनकार कर दिया और छतरपुर जिले के सूरजपुरा सहित अन्य स्थानों पर बस गए। हालांकि, प्रबंधन की ओर से छतरपुर वनमंडल में वनभूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है। इसी समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीण 19 नवंबर को अपने पुराने ग्राम स्थल पर पहुँचकर धरने पर बैठ गए थे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे पार्क प्रबंधन के आला अधिकारियों ने वन अमले को सतत निगरानी पर लगाया और ग्रामीणों से निरंतर संवाद बनाए रखा। इसके बाद 20 नवंबर को कलेक्टर हर्ष सिंह और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल ने मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अंततः 21 नवंबर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) डॉ. समीता राजौरा के मार्गदर्शन में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल ने दल के साथ कनेरी पहुँचकर ग्रामीणों को समस्याओं के गंभीर समाधान का ठोस भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन से संतुष्ट होकर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया, जिसके बाद टाइगर रिजर्व के वाहनों से सभी को सुरक्षित उनके घरों तक पहुँचाया गया। इस दौरान न तो कोई अप्रिय घटना हुई और न ही किसी वन्यप्राणी या इंसान को कोई नुकसान पहुँचा। प्रबंधन ने विस्थापितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के हल के लिए संवाद का रास्ता अपनाएं और अपनी सुरक्षा के लिए बाघों के प्राकृतिक रहवास यानी कोर क्षेत्र में प्रवेश न करें।
