
इंदौर. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक 21 दिवसीय विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है. इस अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों, कर्मचारियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा.
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार अभियान का शुभारंभ मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं संस्थानों में किया गया। इंदौर, रतलाम, उज्जैन, चित्तौड़गढ़, डॉ. अंबेडकर नगर, नीमच, नागदा सहित लोको केयर सेंटर रतलाम, रेलवे कार्यशालाओं, रेलवे चिकित्सालयों एवं चिकित्सा इकाइयों में रैली और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रमों के दौरान यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलों का इस्तेमाल करने तथा कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न उपायों की जानकारी देकर लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस 21 दिवसीय अभियान के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है.
