
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक पन्ना लाल शाक्य के देश में गृहयुद्ध जैसे हालात होने संबंधी बयान पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने इस टिप्पणी को शर्मनाक और देश की एकता-अखंडता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
मप्र कांग्रेस के महासचिव एवं कम्युनिकेशन प्रभारी अभय तिवारी ने कहा कि भाजपा विधायक का यह बयान सीधे-सीधे भारतीय सेना और लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को मिलिटरी ट्रेनिंग देने की बात कहकर विधायक ने सेना की गरिमा को ठेस पहुँचाई है।
तिवारी ने कहा कि भारतीय सेना विश्व की सबसे अनुशासित और सक्षम सेनाओं में से है, जो पूरी तरह से देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित है। उसे किसी राजनीतिक एजेंडे में घसीटना अस्वीकार्य है।
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब भाजपा से ऊब चुकी है। इसी हताशा में उनके विधायक ऐसे विवादास्पद बयान देकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देश को गृहयुद्ध की ओर धकेलने का कोई भी प्रयास कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस हर स्तर पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
