नेपाल-भारत के बीच पीएम बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा को अंतिम रूप देने पर सकारात्मक चर्चा: नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल

काठमांडू, (वार्ता) नेपाल-भारत के बीच प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की प्रस्तावित नयी दिल्ली यात्रा पर सकारात्मक चर्चा प्रगति पर है।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अभी कोई तिथि तय नहीं हुई है।

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से लौटने के बाद यहां त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए श्री खनाल ने कहा कि दोनों देश इस यात्रा को “फलदायी और परिणाम-उन्मुख” बनाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री की भारत यात्रा का निमंत्रण पहले ही मिल गया था और नेपाल ने इसे सकारात्मक रूप से लिया है। इस यात्रा को लेकर दोनों पक्ष सकारात्मक हैं, हालांकि तिथि अभी तय होना बाकी है।”

उल्लेखनीय है कि मार्च में श्री शाह के पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई संदेश भेजकर भारत आने का निमंत्रण दिया था, जिसकी आधिकारिक पुष्टि भारत ने जुलाई में की थी।

श्री खनाल ने बताया कि नयी सरकार के गठन के बाद नेपाल ने भारत और चीन दोनों से संबंधों को प्राथमिकता दी है और अपनी मुख्य प्राथमिकताओं को दोनों पड़ोसी देशों के सामने रखा है।

पद संभालने के बाद श्री शाह की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान श्री खनाल ने अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर से भी इस पर चर्चा की थी।

विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को नेपाल के लिए काफी उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने विश्व नेताओं और विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय बैठकों के माध्यम से देश की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को प्रमुखता से उठाया।

 

Next Post

तिरुवनंतपुरम में हिंसक झड़पों से राजनीतिक उबाल, युवा कांग्रेस-एसएफआई में पथराव

Thu Oct 1 , 2026
तिरुवनंतपुरम, (वार्ता) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बुधवार को राजनीतिक हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाले गये यूथ कांग्रेस के मार्च के दौरान पालियम स्थित केरल विश्वविद्यालय छात्रावास के समीप युवा कांग्रेस और एसएफआई समर्थित छात्रों […]

You May Like