ग्वालियर/भिंड/मुरैना: आज समूचा ग्वालियर चंबल अंचल दिवाली के उल्लास में सराबोर है। सुबह से लक्ष्मी पूजा की तैयारी की जा रही है। दीये, पटाखे समेत अन्य जरूरी सामान खरीदने लोग बाजार पहुंच रहे हैं। ज्वेलरी, सजावट, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ों की दुकानों में जमकर खरीदारी हो रही है। मिठाई की दुकानों पर खूब खरीददारी हो रही है।
चंबल के सभी शहरों व कस्बों में सुरक्षा और ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की गई है। पिछले सप्ताह अम्बेडकर प्रतिमा को लेकर हुए जातीय तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।ट्रैफिक पुलिस ने मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्शन की व्यवस्था की है, ताकि पूजा के बाद बाजारों में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। शिवपुरी एवं श्योपुर जैसे शहरों में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए फोन नंबर जारी किए गए हैं।
आज शाम 7:13 से 9:12 तक लक्ष्मी पूजन का शुभ समय रहेगा। ज्योतिष विद्वानों ने कहा कि लक्ष्मी-गणेश पूजन का मुख्य काल प्रदोष काल माना जाता है जिसमें स्थिर लग्न की प्रधानता होती है। इस बार वृष, सिंह और कुंभ लग्न दीपावली पूजन के लिए विशेष रूप से शुभ बताए गए हैं। ग्वालियर के बाजारों में सुबह से भीड़ है। महाराज बाड़ा, मुरार सदर बाजार, किला गेट, हजीरा, दौलतगंज, सराफा जैसे इलाकों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ है। इन सभी भीड़ भरे बाजारों में पुलिस को तैनात किया गया है।
