आलीराजपुर। जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम, आलीराजपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने चयनित विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा केंद्र आलीराजपुर के माध्यम से प्रशस्ति पत्र और स्कूल बैग किट प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के कुल 23 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया,जिन्होंने जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि जनजातीय जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों का इस प्रतियोगिता में चयनित होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें आगे भी मेहनत कर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहने की अपेक्षा की है।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जनजातीय जिले के विद्यार्थियों का पुरस्कार प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के बच्चों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
