सतना : मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत लंका मैदान में लगे पटाखा बाजार में रविवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक पटाखा दुकान में भडक़ी आग के चलते विस्फोट होने शुरु हो गए. भडक़ी आग के चलते देखते ही देखते पटाखे की दो दुकानें जलकर खाक हो गईं वहीं आधा दर्जन दुकानों को खासा नुकसान पहुंचा. घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा गंभीर हादसा सामने आ सकता था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरपाटन कस्बे के लंका मैदान में पटाखा बाजार धनतरेरस से पहले ही सज कर तैयार हो गया था.
वहीं दिवाली के महज एक दिन पहले रविवार को सुबह से ही पटाखा खरीददारों की भीड़ वहां पहुंचने लगी थी. बताया गया कि उक्त परिसर में स्थित एक प्रतिष्ठान में ग्राहक पटाखा लेने के लिए पहुंचा था. दुकान संचालक ने ग्राहक को एक मिसाइनुमा पटाखे को दिखाया. इतना ही नहीं बल्कि दुकान संचालक ने ग्राहक से उक्त पटाखे की टेस्टिंग करके दिखाने का ऑफर भी दिया. जिसे सुनकर आस पास के दुकानदारों ने आपत्ति जताई. लेकिन आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए दुकान संचालक ने परिसर में ही एक रॉकेट चला दिया. लेकिन रॉकेट ने अचानक दिशा बदल ली और निकट स्थित दूसरी में पहुंच गया.
रॉकेट की ङ्क्षचगारियां वहां पर स्टॉक किए गए पटाखों पर जा लगी और देखते ही देखते दुकान मेंं रखे सारे पटाखे फूटने लगे. इससे पहले कि लोगों को कुछ समझ में आता पटाखों में विस्फोट का दायरा बढ़ता ही चला गया. जिसके चलते लोग जान बचाकर भागने लगे. इसी दौरान सूचना मिलते ही दकमल कर्मियों ने तत्परता के साथ काम शुरु कर दिया. दमकल कर्मिययों की तत्परता के चलते कुछ देर में ही आग पर काबू पा लिया गया. लेकिन तब तक जहां दो दुकानों पूरी तरह खाक हो चुकी थीं. वहीं आधा दर्जन दुकानें भी खासी प्रभावित हुईं. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते आग को अन्य दुकानों सहित परिसर के आस पास पहुंचने से रोक लिया गया. अन्यथा गंभीर हादसा सामने आ सकता था. घटना की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मैहर चंचल नागर, एसडीएम अमरपाटन डॉ. आरती सिंह, एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा, तहसीलदार अमरपाटन आर डी साकेत, थाना प्रभारी विजय परस्ते सहित राजस्व-नगर परिषद अमला व पुलिस बल मौके पर पहुंच गया.
गहनता से जांच के निर्देश
मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने वा आवश्यक जानकारी लेने के बाद एसडीएम डॉ. आरती सिंह ने तहसीलदार आर डी साकेत को निर्देश दिए की मामले की गहनता से जांच कर लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए. इसी कड़ी में पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल की मौके पर पहुंच गए. घटना की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पीडि़त दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया. इसके साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. वहीं पीडि़त दुकानदार फिलहाल यह नहीं बता पर रहे हैं कि कितना नुकसान हो गया. दुकानदार बस इतना ही बता रहे हैं कि उनकी लाखों की पूंजी स्वाहा हो गई.
सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल
बताया गया कि अमरपाटन कस्बे में स्थित लंका बाजार परिसर में कुल 37 पटाखा दुकानों के अस्थायी स्टॉल लगे थे. हलांकि सभी दुकान संचालकों को सीमति मात्रा में पटाखे रखने की अनुमति मिली थी. लेकिन लाइसेंस मिलने के बाद अधिकांश दुकान संचालकों ने काफी मात्रा में पटाखे का स्टॉक कर रखा था. इतना ही नहीं बल्कि दुकानों में खुले तारों का संजाल और जगह जगह खुले जोड़ पहले से ही दुर्घटना की चेतावनी दे रहा था. बताया गया कि रही सही कसर परिसर में ही पटाखे की टेस्टिंग से पूरी हो गई. गौरतलब है कि पटाखा बाजार में निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा पहले से ही निरीक्षण-कार्रवाई की जमहत नहीं उठाई गई
