सना, 22 मार्च (वार्ता) अमेरिकी सेना ने शुक्रवार शाम को यमन के उत्तरी सादा प्रांत पर हवाई हमले किए। हूमी द्वारा संचालित अल-मसीरा टीवी ने यह जानकारी दी।
रिपोर्टों में कहा गया है कि हमलों ने प्रांत के पश्चिम में सकायन जिले को निशाना बनाया लेकिन कोई और विवरण नहीं दिया। हूती शायद ही कभी हताहतों की संख्या या भौतिक नुकसान का खुलासा करते हैं।
सादा प्रांत हूती समूह का मुख्य गढ़ है। नवीनतम हमले राजधानी सना सहित उत्तरी यमन में हूती-नियंत्रित क्षेत्रों पर अमेरिकी हमलों का लगातार सातवां दिन है।
अल-मसीरा टीवी के अनुसार शुक्रवार को पहले अमेरिकी सेना ने लाल सागर बंदरगाह शहर होदेदाह के दक्षिण में अत-तुहायता जिले के तटीय क्षेत्र अल-फजाह पर छह हवाई हमले किए। हमलों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देश में 2014 में गृहयुद्ध छिड़ने के बाद से हूती विद्रोहियों ने सना सहित उत्तरी यमन के अधिकांश हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया है। हूती और अमेरिकी सेना के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब 15 मार्च को अमेरिका ने यमन पर नए हवाई हमले शुरू किए। इससे पहले हूती समूह ने धमकी दी थी कि जब तक गाजा में मानवीय सहायता की अनुमति नहीं दी जाती, तब तक वे इजरायली ठिकानों पर हमले फिर से शुरू करेंगे।
