
इंदौर. शहर में नशे के खिलाफ अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओला इलेक्टि्रक स्कूटर की डिक्की से 1.50 लाख रुपए कीमत की ब्राउन शुगर बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपी बिना नंबर की इलेक्टि्रक मोपेड में ड्रग्स छुपाकर सप्लाई करने निकले थे.
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि क्राईम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवाजी नगर मेन रोड स्थित विश्रांति चौराहे के पास मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है, सूचना पर घेराबंदी की गई. इसी दौरान एक काले रंग की ओला इलेक्टि्रक मोपेड पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई. आरोपियों ने अपने नाम सौरभ उर्फ ईशु ओराडे और गौरव पाटिल बताए। तलाशी के दौरान मोपेड की डिक्की के नीचे से जिप लॉक पन्नी में रखी करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.50 लाख रुपए आंकी है.
पुलिस रिकार्ड में आदतन अपराधी हैं तीनों आरोपी
पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे आरोपी शाहिल उर्फ ओमप्रकाश यादव निवासी भागीरथपुरा को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की इलेक्टि्रक मोपेड भी जब्त की है. पुलिस के मुताबिक पकड़े तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में एनडीपीएस, आर्म्स और आबकारी एक्ट के करीब एक दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं. फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है.
