ग्वालियर: सराफा शॉप से सोने के आभूषण चोरी करने वाली गैंग के 4 सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी आपस में भाई-बहन है, जिसमें तीन महिलायें और एक पुरूष सदस्य शामिल है। आरोपी सराफा शॉप में ज्वेलरी खरीदने के बहाने जाते थे और मौका पाकर सोने की कोई भी चीज चोरी कर लेते थे।आरोपियों ने पूछताछ में पूर्व में एक अन्य ज्वेलर्स की शॉप से एक सोने की चेन भी चोरी करना स्वीकार किया है।
कोतवाली क्षेत्र में सीसीटीव्ही फुटेज चेक किए गये, जिसमें दो महिलाएं ज्वेलरी शॉप से सोने के टॉप्स चोरी करते हुए दिखाई दी, जिन्हे चिन्हित कर उनकी जांच हेतु पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सराफा बाजार में सोने-चाँदी की दुकान पर से चोरी करने वाली महिलायें गुरुद्वारे के पास न्यू द्वारिकापुरी पुरानी छावनी में एक मकान में किराये से रह रही हैं।
उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर मुखबिर के बताये अनुसार मकान में चेक किया तो एक महिला उपस्थित मिली, जिससे नाम व पता पूछने पर उसने अपना नाम रेखा धानुक पत्नी योगेश धानुक उम्र 25 साल निवासी ग्राम परसोटा थाना जौरा मुरैना का होना बताया। पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपनी बहन हेमा धानुक तथा भाई अंकित धानुक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पकड़ी गई आरोपिया की निशादेही पर घर के अन्दर अलमारी में से सोने जैसी धातु के सुई धागे एक जोडी 02 नग जप्त किये गये। पुलिस द्वारा आरोपिया रेखा धानुक के भाई अंकित धानुक को भी गिरफ्तार किया गया।
जिसने पूछताछ में अपनी बहन रेखा धानुक तथा हेमा धानुक के साथ जाकर सराफा बाजार में सराफे की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देकर अपने जीजा की हीरो स्पेंडर मोटर साईकल एमपी07-एएच-3592 पर अपने साथ अपनी दोनों बहनों को लेकर जाना व वापस लेकर आना व सहयोग करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी अंकित धानुक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो स्पेंडर मोटर साईकल एमपी07-एएच-3592 को जप्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपीगणों को हिरासत में लिया गया है।
