
कुरई, सिवनी वन परिक्षेत्र के बरघाट प्रोजेक्ट अंतर्गत बहदाबाद बीट के कंपार्टमेंट क्रमांक 688 में मवेशी चराने गए किसान पर बाघ ने हमला कर दिया। किसान अपने मवेशी को बचाने के लिए बाघ के पास पहुंचा था, इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिखली निवासी टेकचंद अबथरे (56) पिता मूलचंद अबथरे जंगल में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने एक भैंस पर हमला कर दिया। मवेशी को बचाने के लिए टेकचंद आगे बढ़े तो बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, पैर और पेट में चोटें आई हैं।
घायल किसान को तत्काल कुरई लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर कर दिया। परिक्षेत्र अधिकारी सी.एस. वरकड़े ने बताया कि किसान खतरे से बाहर है और उसका उपचार कराया जा रहा है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग
बाघ के हमले की घटना के बाद चिखली सहित आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में मवेशी चराने जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। ग्रामीणों ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने, प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने की सलाह देने की मांग की है।
घायल किसान को मुआवजा देने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से घायल किसान को नियमानुसार आर्थिक सहायता/मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उपचार में होने वाले खर्च में परिवार को राहत मिल सके।
