
जबलपुर। रेलवे के सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जबलपुर रेल मंडल की मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 195वीं बैठक हुई। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में शाखा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डीआरएम ने अधिकारियों को सरकारी कामकाज अधिक से अधिक हिंदी में करने और अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामे के स्वागत उद्बोधन से हुई।
उन्होंने अधिकारियों से राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेल के हिंदी दिवस संदेश-2026 का वाचन किया। राजभाषा अधिकारी गुन्नार सिंह ने समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की और राजभाषा माह-2026 के तहत अधिकारी प्रश्नमंच का आयोजन किया। प्रश्नमंच का संचालन भी गुन्नार सिंह ने किया।
