
इंदौर. बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कमिश्नर ने 32 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इनमें चेन स्नैचिंग का खुलासा करने वाली टीम के 10 पुलिसकर्मी भी शामिल रहे.
पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक सम्मान समारोह में विभिन्न थानों और अपराध शाखा के उन अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया. जिन्होंने हाल के दिनों में उल्लेखनीय कार्रवाई कर महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया या उत्कृष्ट पुलिसिंग का परिचय दिया.
सम्मानित पुलिसकर्मियों में मल्हारगंज और छत्रीपुरा की संयुक्त टीम के 10 सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई चेन, वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक बरामद की थी. इसके अलावा कनाड़िया थाना की टीम को मोबाइल लूट के दो आरोपियों की गिरफ्तारी, हीरानगर पुलिस को एमडी ड्रग्स और अवैध हथियार के साथ तीन आरोपियों को पकड़ने, अपराध शाखा की टीम को 36 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों की गिरफ्तारी तथा रावजी बाजार और चंदन नगर थाने के पुलिसकर्मियों को डिजिटल साक्ष्य प्रणाली और सड़क दुर्घटना के घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने में सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया.
हर सप्ताह सम्मानित किया जा रहा है…
सम्मानित अधिकारी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया. कमिश्नरेट में बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को हर सप्ताह सम्मानित किया जा रहा है.
पुलिस कमिश्नर, संतोष कुमार सिंह
