पुलिस कार्रवाई में अवैध शराब और हेरोइन बरामद

नयी दिल्ली 15 सितंबर (वार्ता) पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में तीन लोगों को पकड़कर भारी मात्रा में शराब और हेरोइन बरामद की है।

उपायुक्त दराड़े शरद भास्कर ने सोमवार को बताया कि इसमें पहला मामला मोती नगर थाना क्षेत्र का है। 12 और 13 सितम्बर की दरमियानी रात करीब तीन बजे ईएसआई कॉलोनी, बसई दारापुर इलाके में गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर गाड़ी को पकड़ लिया। तलाशी में गाड़ी से 38 कार्टन (करीब 1900 क्वॉर्टर, 180 मिलीलीटर प्रत्येक) देशी शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान सोनीपत, हरियाणा निवासी अनिल कुमार (42 ) के रूप में हुई। गाड़ी और शराब जब्त कर मोती नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

दूसरा मामला इंदरपुरी थाना क्षेत्र का है। 11 सितम्बर को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड को सूचना मिली कि एक स्कूटी पर पति-पत्नी हेरोइन की सप्लाई करने जा रहे हैं। पुलिस ने अंबेडकर गेट, इंदरपुरी के पास घेराबंदी की और स्कूटी पर सवार एक युवक और युवती को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान लखन (36) और उसकी पत्नी मोनिका (29) के रूप में हुई। स्कूटी की डिक्की से 98 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले चार साल से नशे का धंधा कर रहे थे। लखन पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में पकड़ा जा चुका है।

श्री दराड़े ने बताया कि ये कार्रवाई पश्चिमी जिला पुलिस की अपराध और नशाखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे अभियान तेज़ी से जारी रहेंगे।

Next Post

द्वारका पुलिस का मेगा ऑपरेशन: गैंगस्टरों पर छापेमारी में 35 लाख नकद, 50 लाख के ज़ेवर और हथियार बरामद किये

Mon Sep 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के द्वारका जिले में सोमवार तड़के पुलिस ने गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी कर 35 लाख रुपये नकद और 50 लाख के जेवर तथा हथियार बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की। उपायुक्त द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि 25 टीमों और […]

You May Like

Play sound