छिंदवाड़ा: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ का शुभारंभ करते हुए कलेक्ट्रेट में आमजन की समस्याएं सुनीं और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को शिकायत करने की नौबत ही न आए और सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने ड्रॉप-आउट बच्चों का पुनः विद्यालयों में प्रवेश, शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि, महिला सशक्तिकरण, नवाचार, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से संवाद किया। ब्लूबेरी की खेती करने वाले किसान, प्राकृतिक खेती अपनाने वाले कृषक, ‘नमो ड्रोन दीदी’ के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी महिला, चिरौंजी प्रसंस्करण से रोजगार सृजित करने वाली उद्यमी, खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी, ग्रामीण होम-स्टे संचालक तथा सीएनजी प्लांट संचालक की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
मेधावी छात्रा आभा शर्मा से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। उन्होंने अन्य मेधावी छात्राओं और नवाचार करने वाले किसानों की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा की ये प्रेरक प्रतिभाएं अपने परिश्रम, नवाचार और संकल्प से पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन रही हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसे लोगों को प्रोत्साहन देना और नवाचार, उद्यमिता, खेल तथा आत्मनिर्भरता की संस्कृति को मजबूत करना है।
