
इंदौर. रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग अलग मामलों में यात्रियों का लाखों रुपए का कीमती सामान सुरक्षित बरामद कर लौटा दिया. समय रहते की गई कार्रवाई से जहां यात्रियों को राहत मिली, वहीं पुलिस की ईमानदारी और सतर्कता की सराहना हो रही है.
पहली घटना में स्वप्निल जोशी निवासी इंदौर ने जीआरपी थाने में सूचना दी कि पुरी हमसफर एक्सप्रेस से यात्रा के बाद उनका काला बैग स्टेशन पर कहीं छूट गया है. बैग में डेल कंपनी का लैपटॉप, बोट के ईयरबड्स, चार्जर सहित करीब 80 हजार रुपए का सामान था. सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद प्रधान आरक्षक लोकेश करोड़ीवाल ने स्टेशन परिसर में सघन तलाश शुरू की और कुछ ही देर में बैग बरामद कर थाना लाया. जांच के बाद पूरा सामान सुरक्षित यात्री को सौंप दिया.
इसी तरह दूसरी घटना में गोधरा (गुजरात) निवासी यात्री मोहम्मदी ने निजामुद्दीन एक्सप्रेस में सफर के दौरान अपना नीला बैग छूटने की जानकारी दी. बैग में लैपटॉप, चार्जर और महत्वपूर्ण डायरी सहित करीब 70 हजार रुपए का सामान रखा था. सूचना मिलते ही आरक्षक आकाश यादव ने प्लेटफॉर्म और यार्ड में खड़ी ट्रेन में तलाश कर बैग बरामद किया और यात्री को सौंप दिया. दोनों ही मामलों में जीआरपी की तुरंत कार्रवाई से यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित मिल गया. यात्रियों ने पुलिस की ईमानदारी और कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया.
