50 फीट गहरे खाई में बाईक के गिरने से पिता-पुत्र की मौत

सिंगरौली । चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगई पहाड़ के अंधा मोड़ पर बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार सर्पदंश से पीड़ित युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार तहसील दुधमनिया क्षेत्र के ग्राम पोड़ी तृतीय निवासी प्रदीप पनिका उम्र 25 वर्ष पिता श्रीलाल पनिका बुधवार की सुबह अपने घर में मवेशियों के लिए भूसा निकाल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने काट लिया। परिजन तत्काल प्रदीप को मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी लेकर रवाना हुए। बाइक पर प्रदीप के साथ उसके पिता श्रीलाल पनिका और माता इन्द्रकली भी सवार थीं। बताया जाता है कि नौगई के जंगल स्थित अंधा मोड़ पर मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि श्रीलाल पनिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सर्पदंश से पीड़ित प्रदीप पनिका ने चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचने के बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल इन्द्रकली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हादसे के बाद जहां परिवार एवं गांव में मातम पसर गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर चितरंगी पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल व विवेचना शुरू कर दी है।

सर्पदंश बेटे का चले थे इलाज कराने

प्रदीप पनिका को आज सुबह एक जहरीले सर्प ने डस लिया। जहां उपचार कराने परिजन मॉ-पिता बेटे के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चितरंगी के लिए रवाना हुये। चितरंगी से करीब चार किलोमीटर पहले ही नौगई अंधामोड़ पहाड़ काल बन गया और इस सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि प्रदीप पनिका की मॉ की हालत नाजुक बनी हुई है और हृदयविदारक घटना से मृतक प्रदीप पनिका के घर एवं गांव में मातक पसरा हुआ है।

अति गरीब है मृतक का परिवार

मृतक श्रीलाल पनिका की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। गांव वाले के जमीन को अधिया लेकर जोताई-बुआई का कार्य कर रहे थे, वहीं मृतक के दोनों बच्चे दिहाड़ी मजदूर हैं और इसी से श्रीलाल पनिका के परिवार का भरण-पोषण का कार्य चल रहा था। बताया जाता है कि श्रीलाल पनिका के दो पुत्रों में से एक पुत्र प्रदीप की मौत हो गई और दूसरा पुत्र संदीप 22 वर्ष के ऊपर अब चार महिलाओं एवं तीन बच्चों का खर्च उठाएगा। जिसमें बुढ़ी दादी मॉ उम्र 90 वर्ष के साथ गंभीर रूप से घायल मॉ इन्द्रकली एवं मृतक प्रदीप की पत्नी व बच्चे एवं खुद की पत्नी एवं एक बच्चा शामिल है। ग्रामीणों के अनुसार इनकी आर्थिक हालत बेहद खराब है। पिता और भाई के अंतिम संस्कार के लिए भी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।

Next Post

उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने किए महाकाल दर्शन

Wed Jul 29 , 2026
उज्जैन। मध्यप्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन लाभ लिए। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक हिमांशु कारपेंटर द्वारा राजेंद्र शुक्ल का। स्वागत एवं सत्कार किया गया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like