सीहोर। शहर के भोपाल नाके पर नपा और परमार समाज के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को परमार समाज के प्रेरणा स्त्रोत राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में परमार समाज के अलावा क्षेत्रवासी शामिल थे.
कार्यक्रम संयोजक विजेन्द्र परमार ने कहा कि नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने समाज और क्षेत्र को सौगात दी है. नपा और परमार समाज के संयुक्त सहयोग से बनी राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण किया गया. यह प्रतिमा करीब 8 फीट ऊंची है.
इस दौरान नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि राजा भोज परमार वंश के एक प्रतापी, न्यायप्रिय व कला प्रेमी शासक थे, जो केवल मालवा ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की आस्था और लोक संस्कृति में एक लोक-नायक के रूप में रचे-बसे हैं. समाज के लोगों ने राजा भोज के अच्छे शासन, शिक्षा प्रेम व समाज सेवा के कार्यों के बारे में बताया. विजेन्द्र परमार, विमल परमार आदि ने नपा अध्यक्ष श्री राठौर ने भोपाल नाके का नाम राज भोज चौराहे के अलावा छावनी में प्राचीन जगदीश मंदिर में भव्य सामुदायिक भवन निर्माण करने की मांग की. आयोजकों का कहना है कि राजा भोज ने अपने शासनकाल में शिक्षा, संस्कृति, जल प्रबंधन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए थे. उनकी प्रतिमा आने वाली पीढिय़ों को सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों की प्रेरणा देती रहेगी. प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने पर परमार समाज द्वारा नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर का आभार व्यक्त किया गया. अनावरण समारोह के पश्चात राजा भोज गार्डन में समाजजन एवं अतिथियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया.
