निशिन (जापान) 20 सितंबर (वार्ता) शेफाली वर्मा (नाबाद 100) की शतकीय पारी के बाद नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा (तीन-तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने रविवार को एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में बंगलादेश को रिकॉर्ड 114 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। जहां उसका मुकाबला श्रीलंका से होगा।
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सके और उनकी पूरी टीम 15.4 ओवरों में 81रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही भारत एशियाई खेलों में एक पदक और पक्का हो गया । दिलारा अख्तर ने बंगलादेश के लिए सर्वाधिक (27) रनों की पारी खेली। इसके अलावा शर्मीन अख्तर (10) और सुल्ताना खातुन ने (नाबाद 12) रन बनाये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। भारत की ओर से नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिये। श्री चरण को दो विकेट मिले। क्रांति गौड़ और श्रेयांक पाटिल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की भारतीय सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए तूफानी अंदाज में 72 रन जोड़े। छठें ओवर में नाहिदा अख्तर ने मंधाना को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। मंधाना ने 19 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (37) रनों की पारी खेली। इसके बाद जी कमालिनी मात्र तीन रन बनाकर आउट हो गई। ऐसे संकट के समय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शेफाली के साथ पारी को संभाला और टीम को बड़े स्कोर की ओर ले गई। 18वें ओवर में राबेया खान ने हरमनप्रीत कौर को आउट किया। हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में छह चौके लगाते हुए (40) रनों की पारी खेली। ऋचा घोष (दो) रन चौथे विकेट के रूप में 19वें ओवर में आउट हुई। भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 195 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों में तीन चौके और नौ छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 100) रनों की पारी खेली। भारती फूलमाली (नौ) रन बनाकर नाबाद रही।
बंगलादेश के लिए मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला, राबेया खान और नाहिदा अख्तर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

