
जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत गौर नदी के खरहर घाट के किनारे पानी में एक अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिला। जानकारी के अनुसार, ग्राम गदेहरी निवासी 28 वर्षीय मछुआरा कृष्ण कुमार रैकवार गौर नदी के खाले घाट पर मछली पकड़ने गया था। जैसे ही वह नदी के किनारे पहुंचा, उसकी नजर पानी में उतराती हुई एक लाश पर पड़ी। कृष्ण कुमार ने तुरंत इसकी जानकारी खरहर घाट के निवासियों को दी और मौके पर ही गोराबाजार थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को पानी से बाहर निकलवाया तो शव पूरी तरह से सड़-गल चुका था। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं ताकि मृतक की पहचान हो सके।
