
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अधोसंरचना विकास एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आम नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नवीन बस स्टैण्ड की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस स्टैण्ड परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रूप से संचालित रखने पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे नागरिकों को बेहतर एवं व्यवस्थित नगरीय वातावरण उपलब्ध हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, परियोजना अधिकारी डूडा प्रिया पाठक सहित नगरीय निकायों के सीएमओ तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
००
मछली बाजार के निर्माण कार्यों में लायें तेजी
बैठक में मछली बाजार के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना विकसित कर व्यापारियों एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
००
नवीन गाइडलाइन का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
बैठक में कलेक्टर ने सालिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के अंतर्गत जारी नवीन गाइडलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी नगरीय निकाय इसके अनुरूप आवश्यक कार्यवाहियां तत्काल सुनिश्चित करें। उन्होंने नगरों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन करने तथा मानसून के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो प्रकार के डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखवाए जाएं। साथ ही नवीन गाइडलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनजागरूकता अभियान, आईईसी गतिविधियां तथा वॉल राइटिंग के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
