मुंबई, श्रद्धा निगम कृष्णा-अर्जुन में कृष्णा का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुई थीं। उन्होंने करण सिंह ग्रोवर से 2008 में शादी की थी, लेकिन एक साल बाद तलाक हो गया।
टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार श्रद्धा निगम ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी शो ‘कृष्णा-अर्जुन’ से मिली, जिसमें उन्होंने कृष्णा का किरदार निभाया था। एक समय घर-घर में पहचानी जाने वाली श्रद्धा अब एक्टिंग की दुनिया से दूरी बना चुकी हैं और फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम कर रही हैं। 1 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मनाने वाली श्रद्धा की जिंदगी में करियर के साथ-साथ निजी रिश्तों को लेकर भी कई उतार-चढ़ाव रहे हैं।
श्रद्धा निगम का जन्म 1 अक्टूबर 1979 को हुआ था। उन्होंने साल 1997 में मलयालम फिल्म ‘पूनिलामजा’ से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा का रुख किया और साल 2000 में शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में नजर आईं। फिल्मों में कुछ समय काम करने के बाद श्रद्धा ने टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा और ‘चूड़ियां’ जैसे शो का हिस्सा बनीं।
कृष्णा-अर्जुन से घर-घर में हुईं मशहूर
श्रद्धा निगम के करियर में सबसे अहम मोड़ टीवी शो ‘कृष्णा-अर्जुन’ से आया। साल 2002 से 2004 तक स्टार प्लस पर प्रसारित इस जासूसी सीरियल में श्रद्धा ने कृष्णा का किरदार निभाया था, जबकि हुसैन कुवाजेरवाला ने अर्जुन की भूमिका निभाई थी। शो को बच्चों से लेकर बड़ों तक पसंद किया गया और श्रद्धा को उनके किरदार के नाम ‘कृष्णा’ से ही पहचान मिलने लगी।
श्रद्धा निगम की निजी जिंदगी
श्रद्धा निगम ने साल 2008 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और दोनों ने 2009 में तलाक ले लिया। शादी करीब एक साल ही चल पाई।
तलाक के कुछ साल बाद श्रद्धा ने 2012 में अभिनेता मयंक आनंद से दूसरी शादी की। मयंक को टीवी शो ‘दिल मिल गए’ में राहुल के किरदार के लिए जाना जाता है। खास बात यह है कि इसी शो में करण सिंह ग्रोवर भी काम कर रहे थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। बाद में मयंक ने करण की पूर्व पत्नी श्रद्धा से शादी की।
एक्टिंग छोड़ फैशन डिजाइनिंग पर किया फोकस
साल 2010 के आसपास श्रद्धा ने एक्टिंग से दूरी बनाकर फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया और इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाने पर ध्यान दिया। साल 2012 में उन्हें एक शो का ऑफर भी मिला था, लेकिन उन्होंने एक्टिंग में वापसी नहीं की। अब श्रद्धा लंबे समय से ग्लैमर और टेलीविजन की दुनिया से दूर हैं।
