भोपाल। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संभागीय कार्यालय का औचक निरीक्षण कर संभागीय समीक्षा बैठक की . जिससे कर्मचारियो में हडक़ंप मच गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि आगामी कुछ दिनों में संभागायुक्त कार्यालय में कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की अटेंडेंस बायोमेट्रिक व्यवस्था से लगा करेगी. जिसे जल्द शुरू करने के उन्होंने निर्देश दिए. इससे देर से आने वाले या लापरवाह कर्मचारियों पर अंकुश लग सकेगा. वहीं संबंधित कार्यों की प्रगति, दस्तावेजों के संधारण व राजस्व प्रकरणों के क्रियान्वयन की समीक्षा की
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से कार्यप्रणाली, फाइल प्रबंधन और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी ली. साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था एवं अनुशासन के लिए विभिन्न अनुभागों स्थापना, लेखा एवं राजस्व में साफ-सफाई एवं फाइलों की उचित रख-रखाव के निर्देश दिए. इसके अलावा अपर आयुक्त राजस्व कार्यालय में रिकार्ड संधारण में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी विभागीय कार्य में देरी न हो। बता दें कि संभागायुक्त कार्यालय में अटेंडेंस की बायोमेट्रिक व्यवस्था नहीं होने से अधिकारी व कर्मचारी मनमर्जी से कार्यालय में आते-जाते हैं। सुबह 10 बजे के बाद ही अधिकारी व कर्मचारी पहुंचते हैं। इससे समय पर काम कराने के लिए आने वाले लोगों को अधिकारियों व कर्मचारियों का इंतजार करना पड़ता है.
