विदिशा। मोर का शिकार करने के इरादे से भोपाल से आए एक पटवारी और एक प्राइवेट सिविल इंजीनियर को वन विभाग की टीम ने शिकार से पहले ही धर दबोचा. आरोपियों के पास से टेलीस्कोप लगी एयरगन, चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई है.
वन मंडलाधिकारी हेमंत यादव के निर्देशन में रात्रि गश्ती के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी ने टीम गठित कर लटेरी–शमशाबाद रोड से लगे बीट मुस्करा के वन क्षेत्र में दबिश दी. गश्ती के दौरान कक्ष क्रमांक पी-302 से निकल रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया. तलाशी में चालक के पास 14 सेमी लंबा चाकू और पीछे बैठे व्यक्ति के पास टेलीस्कोप लगी एयरगन मिली.
पूछताछ में दोनों ने शिकार करने के इरादे से जंगल में आने की बात स्वीकार की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुफरान अहमद (निवासी करोद, भोपाल), जो भोपाल में पटवारी पद पर पदस्थ है, और मोहम्मद आमिर (निवासी श्यामला हिल्स, भोपाल), जो प्राइवेट सिविल इंजीनियर है, के रूप में हुई. दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
