इंदौर: वेतन न मिलने से परेशान एक डिलीवरी कंपनी के ड्राइवर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. करीब छह माह से सैलरी रुकी हुई थी, जिससे वह आर्थिक संकट से जूझ रहा था. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.सोमवार देर रात घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मृतक वासुदेव माली पुत्र पन्नालाल माली निवासी परदेशीपुरा, सोमवार रात घर पर जहर पीने के बाद पास ही स्थित मंदिर में जाकर बैठ गया था. हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने उसके भतीजे अनिल को खबर दी. अनिल तत्काल उन्हें अस्पताल ले गया, लेकिन वासुदेव की मौत हो चुकी थी. भतीजे अनिल ने बताया कि वासुदेव मल्टी मूट डिलीवरी कंपनी में ड्राइवर थे.
बीते छह माह से उनका वेतन कंपनी ने रोका हुआ था. परिवार में वृद्ध मां और बीमार भाई की जिम्मेदारी भी उन पर थी. लगातार वेतन दिलाने की गुहार लगाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन उन्हें टालता रहा. सोमवार रात उन्होंने कंपनी के सुपरवाइजर राहुल जैन से भी बातचीत की थी, इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया, मामले में पुलिस जांच कर रही है.
