दिल्ली में एक्यूआई में सुधार से राहत

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार होने से पिछले तीन दिनों के खतरनाक ‘गंभीर’ वायु प्रदूषण से कुछ राहत मिली है।

आज सुबह छह बजे दिल्ली का एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में 381 था जो सोमवार के 427 और रविवार के 461 के मुकाबले बेहतर था। रविवार को इस सर्दी में शहर में अब तक का सबसे ज़्यादा प्रदूषण स्तर रिकॉर्ड किया गया था।

विशेषज्ञों ने इस सुधार का श्रेय लगातार चलने वाली सतही हवाओं को दिया जिससे ज़मीन के पास फंसी प्रदूषक गैसें फैल गईं। सोमवार दोपहर को हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई और रात भर जारी रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज हवा की गुणवत्ता में और सुधार होने की संभावना है। दिन के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में सतही हवा की गति 25 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे खतरनाक प्रदूषण के स्तर से थोड़ी राहत मिलेगी।

आईएमडी के अनुसार पिछले तीन दिनों के विपरीत आज सुबह केवल 11 केन्द्रों ने ‘गंभीर’ निशान को पार किया। वज़ीरपुर में शहर की सबसे खराब हवा की गुणवत्ता रिकॉर्ड की गई, जिसका एक्यूआई 434 था, इसके बाद जहांगीरपुरी (430), मुंडका (424), और डीटीयू (423) जैसे अन्य प्रदूषण केन्द्र थे।

प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस) ने सोमवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता के लिए मंगलवार से गुरुवार तक हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना जतायी थी।

इस बीच शहर का न्यूनतम तापमान बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से 2.6 डिग्री ज़्यादा है।

 

 

Next Post

विजय दिवस पर सीएम डॉ यादव ने वीर जवानों को नमन किया, संबल योजना के 160 करोड़ का सिंगल क्लिक से आज करेंगे वितरण

Tue Dec 16 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों के शौर्य को नमन करते हुए शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर 1971 भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और रणनीतिक दक्षता का स्वर्णिम अध्याय है, जिसने देश के […]

You May Like