इंदौर: क्राइम ब्रांच ने गांजा तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. आरोपी को पहले गिरफ्तार किए गए तस्कर से मिली जानकारी और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पकड़ा है. इस कार्रवाई के साथ प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या दो हो गई है.
क्राइम ब्रांच ने गुरुवार 9 जुलाई को पुराने अपराध के मामले में गोविंद नगर खारचा में रहने वाले एक आरोपी को 3.526 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया था. पूछताछ और जांच के दौरान रतलाम जिले के बोरखेड़ा में रहने वाला 18 वर्षीय अनुज उर्फ छोटू जैन की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से 3.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. प्रारंभिक पूछताछ में उसने इंदौर में नशे के आदी लोगों को गांजा बेचने के उद्देश्य से इसे लाना स्वीकार किया. पुलिस अब गांजे के स्रोत, सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
इस वर्ष 1 जनवरी से 14 जुलाई तक एनडीपीएस एक्ट के 49 प्रकरणों में 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस दौरान 22.635 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 28.338 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 256.08 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन समेत करीब 2.79 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं.
पूछताछ की जा रही है…
गिरफ्तार आरोपी से गांजे के स्रोत, सप्लायर और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत विवेचना जारी है.
डीसीपी क्राईम, राजेश त्रिपाठी
