
आलीराजपुर । डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर नगर परिषद जोबट, जिला आलीराजपुर में उनकी प्रतिमा का अनावरण मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, थांदला पूर्व विधायक श्री कल सिंह भाबर,जिला अध्यक्ष मकू परवाल सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के संरक्षण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने भी अपने संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्रवादी विचारों तथा देश के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, समर्पण एवं राष्ट्र प्रथम की भावना सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
