गाज़ा, 15 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) उत्तरी एवं दक्षिणी गाज़ा में विस्थापित लोगों के टेंट पर रविवार सुबह इजरायल के हवाई हमलों में कम से कम नौ लोगों की जान चली गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये।गाज़ा में नागरिक सुरक्षा प्रवक्ता महमूद बासल ने बताया कि इजरायल के लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी गाज़ा के खान यूनिस और उत्तर में जबलिया शिविर में रविवार तड़के कई हमले किये, जिसमें नौ लोगों ने अपनी जान गंवाई।
श्री बासल ने कहा कि खान यूनिस के पश्चिम में हुए हमले में 20-30 साल के बीच की उम्र के पांच लोगों की मौत हुई। इसके अलावा जबलिया शरणार्थी शिविर के पश्चिम में इजरायली हवाई हमले में जहां चार लोगों की मौत हुई, वहीं तीन लोग घायल हुए।समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों और चश्मदीद गवाहों के हवाले से कहा गया कि इजरायली सेना ने जबलिया शिविर के उत्तर में बड़े पैमाने पर रिहायशी इमारतों पर बुल्डोज़र चलाया। इस दौरान सैन्य वाहनों से भारी गोलीबारी भी हुई।
रिपोर्ट में कहा गया कि इस दौरान सेना ने पूर्वी जबलिया में भी कई इमारतों को ढहाया। सूत्रों के अनुसार, अल-तुफ्फाह इलाके में अल-सनाफूर गोल चक्कर के पास के इलाकों में गोलाबारी हुई, जिससे फ़िलिस्तीनी घरों के पास छर्रे बिखर गये।हाल के हमलों पर इज़रायल की तरफ से तुरंत कोई टिप्पणी नहीं आयी। इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने शनिवार को एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि उन्होंने उत्तरी गाज़ा पट्टी में “कई हथियारबंद आतंकवादियों” की पहचान की है, जो शायद अंडरग्राउंड अवसंरचनाओं से निकल रहे हैं।
आईडीएफ ने दावा किया कि हथियारबंद लोग गाज़ा की उस रेखा के पास मलबे के नीचे छिपे हुए थे, जहां तक इजरायल का नियंत्रण है। बयान में कहा गया कि इससे आईडीएफ की सुरक्षा को खतरा था।आईडीएफ ने इसे संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करार देते हुए कहा कि इसके बाद हुए हमलों में उसने दो “आतंकवादियों” को मार गिराया और शायद दूसरों को भी खत्म कर दिया।
उल्लेखनीय है कि गाज़ा में मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, जब से हमास और इज़रायल के बीच 10 अक्टूबर, 2025 को संघर्षविराम लागू हुआ है, तब से इज़रायली सेना ने 591 फ़िलिस्तीनियों की हत्या की है और 1,598 अन्य को घायल किया है
