अमेरिका-ईरान बातचीत में ‘उत्साहजनक प्रगति’, 60 दिनों में अंतिम समझौते के लिए योजना पर बनी सहमति

बर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समझौते तक पहुँचने के मकसद से हुई बातचीत का पहला दौर “सकारात्मक” रहा है और मध्यस्थ देशों कतर और पाकिस्तान ने कहा है कि बातचीत में “उत्साहजनक प्रगति” हुई है। पिछले सप्ताह वाशिंगटन और तेहरान के बीच शुरुआती समझौते के बाद रविवार को स्विट्जरलैंड में बातचीत शुरू हुई। तकनीकी स्तर की बातचीत पूरे सप्ताह जारी रहेगी। कतर और पाकिस्तान ने सोमवार सुबह जारी एक संयुक्त बयान में घोषणा की “उच्च-स्तरीय समिति” बनाने पर सहमति बनी है, जो 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते तक पहुँचने के लिए एक रोडमैप तैयार करेगी। मध्यस्थों ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए “संचार व्यवस्था” और मध्यस्थता प्रयासों की देखरेख के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति बनाई जा रही है।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने कहा कि इस बातचीत से लेबनान में संघर्ष को खत्म करने की दिशा में “बड़ी प्रगति” हुई है। बयान के अनुसार ईरान फारस की खाड़ी से ओमान सागर तक और इसके विपरीत दिशा में वाणिज्यिक जहाजों की “बिना किसी शुल्क के सुरक्षित आवाजाही” सुनिश्चित करने के लिए “पूरी कोशिश” करेगा। बातचीत के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान के लिए दबाव बनाने का एक अहम जरिया रहा है। शनिवार को ईरान की मिलिट्री कमांड ने घोषणा की कि वह इस रणनीतिक जलमार्ग को बंद कर देगी। यह कदम लेबनान में इज़रायल के लगातार हमलों और अमेरिका द्वारा युद्ध खत्म करने के समझौते को “लागू न कर पाने” के जवाब में उठाया गया।

मध्यस्थों के संयुक्त बयान में कहा गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों के सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से “घटनाओं और गलतफहमियों से बचने” के लिए एक “संचार लाइन” स्थापित की गई है। दोनों पक्षों ने लेबनान में सैन्य अभियानों को समाप्त करने में सहायता के लिए कतर और पाकिस्तान की सहायता से अमेरिका, ईरान और लेबनान को शामिल करते हुए एक “संघर्ष-निवारण सेल” स्थापित करने पर भी सहमति व्यक्त की। स्विट्जरलैंड में वार्ता के समापन के बाद श्री अराघची ने कहा कि ईरान के तेल निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटा दिए गए हैं और विदेशों में फ्रीज हुई कुछ ईरानी परिसंपत्तियों को जारी कर दिया गया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि “ईरान के लिए एक बड़ी पुनर्निर्माण और विकास योजना शुरू की गई है”। इस पोस्ट में फ्रीज हुई परिसंपत्तियों या पुनर्निर्माण कार्यक्रम के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स के अनुसार, ईरानी प्रतिनिधिमंडल का प्रतिनिधित्व करने वाली मीडिया समिति ने एक अलग बयान में कहा कि ईरान और कतर ने तेहरान की फ्रीज हुइ्र परिसंपत्तियों को छोड़ने से संबंधित एक नए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद से दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह और इज़रायल सेना के बीच लड़ाई तेज़ हो गई है और इज़रायली हवाई हमलों में दर्जनों लेबनानी नागरिक मारे गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

.....

Next Post

वर्ल्ड कप के शुरुआती 36 मैचों में दर्शकों की संख्या 23 लाख के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची

Mon Jun 22 , 2026
न्यूयॉर्क, 22 जून (वार्ता) फीफा के जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 वर्ल्ड कप में दर्शकों की संख्या के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। फुटबॉल की वैश्विक गवर्निंग बॉडी ने बताया कि अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेले गए टूर्नामेंट के शुरुआती 36 मैचों में कुल 2,307,947 दर्शक शामिल हुए। इसका […]

You May Like