ट्रंप से विवाद के बीच मस्क खुद की राजनीतिक पार्टी बनाने की राह पर

ऑस्टिन 07 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके मित्र टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है और इसी क्रम में अब श्री मस्क नयी राजनीतिक पार्टी बनाने के लिए अमेरिकी जनता की नब्ज टटोल रहे हैं।

अरबपति एलन मस्क ने गुरुवार को एक्स/ट्विटर पर अमेरिकी राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए यह विचार सबसे पहले रखा।

श्री मस्क ने अपने अकाउंट पर एक पोल पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने 220 मिलियन फॉलोअर्स से पूछा “ क्या उन्हें लगता है कि अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है जो वास्तव में मध्य वर्ग के 80प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करती हो। आश्चर्यजनक रूप से, 80प्रतिशत से अधिक लोग पोल से सहमत थे।”

उन्होंने शुक्रवार शाम को लिखा “ जनता ने अपनी बात कह दी है। मध्य वर्ग के 80प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करने के लिए अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी की जरूरत है! और ठीक 80प्रतिशत लोग इससे सहमत हैं। यही नियति है।”

इसके बाद श्री मस्क ने एक प्रशंसक के सुझाव का समर्थन किया कि वे इसे “अमेरिका पार्टी” नाम दें।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह नाम अमेरिका पीएसी (राजनीतिक कार्रवाई समिति) से मिलता-जुलता है, पिछले साल मस्क द्वारा स्थापित राजनीतिक कार्रवाई समिति, जो 2024 में ट्रम्प और अन्य रिपब्लिकन उम्मीदवारों को चुनने में मदद करने के लिए 23़ 9 करोड खर्च करने का उनका मुख्य साधन थी।

हालांकि अमेरिका में एक राजनीतिक पार्टी बनाना कहना जितना आसान है, करना उतना आसान नहीं है, क्योंकि देश की दो प्रमुख पार्टियां, डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी, साथ ही कई अन्य बड़ी तीसरी पार्टियाँ जैसे कि लिबर्टेरियन, कॉन्स्टिट्यूशन और एलायंस पार्टियाँ कई प्रमुख कस्बों, नगर पालिकाओं और शहरों में पैठ बना चुकी हैं, और हर राज्य में लोगों तक उनकी पहुंच है

श्री मस्क की अपार संपत्ति के बावजूद, यह एक बहुत ही कठिन काम है, और वर्तमान में वह अपने रिपब्लिकन सहयोगियों के साथ दोराहे पर हैं, अभी भी इस बात पर विचार कर रहे हैं कि उनसे कैसे अलग हुआ जाए – अगर वह कभी अलग होंगे भी।

इससे पहले श्री मस्क ने गुरुवार दोपहर कांग्रेस के रिपब्लिकनों को एक स्पष्ट सुझाव दिया, जो इस बात को लेकर अनिश्चित थे कि उन्हें उनका साथ देना चाहिए या राष्ट्रपति का, उन्होंने एक्स पर लिखा “ ट्रम्प के पास राष्ट्रपति के रूप में 3.5 वर्ष शेष हैं, लेकिन मैं 40 से अधिक वर्षों तक रहूंगा।”

Next Post

चीन ने पाकिस्तान को अत्याधुनिक विमान और मिसाइल रक्षा प्रणाली देने की पेशकश की

Sat Jun 7 , 2025
बीजिंग/इस्लामाबाद 07 जून (वार्ता) चीन और पाकिस्तान के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करते हुए बीजिंग ने इस्लामाबाद को अपने उन्नत जे-35 स्टील्थ विमानों के साथ-साथ अपने केजे-500 एडब्ल्यूएसीएस और एचक्यू-19 मिसाइल रक्षा प्रणालियों की पेशकश की है। संघीय सरकार द्वारा अपने आधिकारिक एक्स/ट्विटर अकाउंट पर साझा की गई […]

You May Like