बीजिंग/इस्लामाबाद 07 जून (वार्ता) चीन और पाकिस्तान के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करते हुए बीजिंग ने इस्लामाबाद को अपने उन्नत जे-35 स्टील्थ विमानों के साथ-साथ अपने केजे-500 एडब्ल्यूएसीएस और एचक्यू-19 मिसाइल रक्षा प्रणालियों की पेशकश की है।
संघीय सरकार द्वारा अपने आधिकारिक एक्स/ट्विटर अकाउंट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार चीनी सरकार ने 40 जे-35 स्टील्थ विमान, केजे-500 एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (एडब्ल्यूएसीएस) सिस्टम और एचक्यू-19 मिसाइल रक्षा प्रणाली की आपूर्ति का प्रस्ताव दिया है, जिससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। समा टीवी की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी।
चीन के शेनयांग एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (एसएसी) द्वारा निर्मित यह चेंगदू जे-20 विमान के बाद चीन में दूसरा 5वीं पीढ़ी का विमान है।
चीनी मीडिया के अनुसार विमान उन्नत सेंसर, बहु-भूमिका क्षमता आधारित एवियोनिक विशेषताओं, सटीक निर्देशित मिसाइल प्रणालियों, एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों से सुसज्जित है जिन्हें विशेष रूप से ईएमपी हथियारों से जामिंग को रोकने के लिए डिज़ाइन किया गया है, और ड्रोन तथा अन्य विमानों के साथ नेटवर्क लिंक हैं।
इसके अतिरिक्त, चीन ने चल रहे आर्थिक सुधारों के बीच पाकिस्तान के बाहरी वित्तीय दबाव को कम करने के लिए 3़ 7 अरब के ऋण की अदायगी को स्थगित कर दिया है।
एक नए द्विपक्षीय समझौते मे एक लाख से अधिक पाकिस्तानियों को हुआवेई में चीनी विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसमें तकनीक-दिग्गज उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित करेंगे।
