
इंदौर. 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार केंद्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय, सीमा सुरक्षा बल इंदौर कैंपस में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया. इस अवसर पर बीएसएफ के महानिरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने तिरंगा फहराकर सभी अधिकारियों, जवानों और स्टाफ को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.
ध्वजारोहण के बाद महानिरीक्षक सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि बीएसएफ न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा में अग्रणी है, बल्कि आंतरिक शांति और आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ सेवा करते रहने का आह्वान किया. कार्यक्रम में कैंपस के अधिकारी, जवानों के परिजन और स्टाफ बड़ी संख्या में मौजूद रहे. ध्वजारोहण के बाद देशभक्ति गीतों का आयोजन किया गया और अंत में मिठाई वितरण कर समारोह का समापन हुआ.
