
इंदौर. शहर से धार्मिक यात्रा पर निकले सात युवकों का दल 15 अगस्त को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चिरचारी नेशनल हाईवे चौराहे के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में चार इंदौर के रहने वाले है, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
बागनदी थाना पुलिस के अनुसार, एमपी 09 डीएच 8684 नंबर की इंदौर रजिस्टर्ड कार में सवार सभी लोग इंदौर से नागपुर होते हुए राजनांदगांव के रास्ते ओडिशा के लिए निकले थे. हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ उस समय हुआ जब अचानक कार बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई. हादसे में 28 वर्षीय आकाश मौर्या फोनिक्स टाउन, 26 वर्षीय अमन राठौर बड़ा बांगड़दा, 34 वर्षीय नितिन यादव बहोदिया हातोद समेत रतलाम निवासी एक युवक की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उसका इलाज किया जा रहा है. टक्कर के बाद शव कार में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला. वहीं मामले में एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा का कहना है कि हादसे की जांच जारी है.
