श्योपुर:मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शासकीय कार्यों के निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों एवं अपेक्षित प्रगति नहीं होने के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्योपुर श्रीमती सौम्या आनंद द्वारा विजयपुर विकासखण्ड की तीन ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गये है।
सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद द्वारा गत 10 अगस्त को विजयपुर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित कार्यो का निरीक्षण किया गया था, ग्राम पंचायत अर्राेद में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के संबंध में सरपंच राजेश कुमार गोयल एवं सचिव राम कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिये गये है।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत धोरेरा में सामुदायिक भवन एवं पीएम जनमन आंगनवाड़ी भवन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कुछ कमियां, अपूर्ण कार्य तथा स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाए जाने के संबंध में सरपंच कस्तुरी आदिवासी एवं सचिव घनश्याम शर्मा तथा ग्राम पंचायत अगरा में मुख्य बाजार एवं आंगनबाड़ी भवन के सामने गंदगी व कीचड़ की स्थिति तथा पीएम जनमन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने के संबंध में सरपंच श्री मुकेश राठौर एवं सचिव शंभू गोयल को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिये गये। सभी संबंधितों को 17 अगस्त 2026 तक बिंदुवार स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किये।
