शिवपुरी, 03 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर के फिजिकल कॉलेज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के संचालक के घर घुसे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से कीमती आभूषण ले गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात्रि हुयी इस घटना में स्कूल संचालक सुबोध अरोड़ा के घर का चौकीदार भी घायल हुआ है जो बदमाशों को देखकर दीवार से कूद कर मोहल्ले के लोगों को बुलाने के लिए गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
पहले स्कूल संचालक सुबोध अरोड़ा ने कोई कीमती सामान लुटेरों द्वारा लिए जाने के बारे में कुछ नहीं बताया। बाद में उनका पुत्र और पुत्रवधू आए। उनका कहना था कि वह एक शादी से लौट कर आए थे और जिस बैग में लाखों रुपए के गहने रखे थे। वह गहने बदमाश अपने साथ ले गए हैं। स्कूल संचालक का मकान शिवपुरी के प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर के सामने शहर की मुख्य सड़क पर स्थित है।

