
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शीतकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026-27 और टर्म इंटर्नशिप कार्यक्रम 2027 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं जिनके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विभिन्न इकाइयों में कुल 1,083 इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। आधिकारिक सूचना में शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि शीतकालीन इंटर्नशिप दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 तक एक माह और टर्म इंटर्नशिप जनवरी से जून 2027 तक छह माह की होगी।
विद्यार्थियों को देश में चल रही 125 चालू परियोजनाओं के साथ ही सभी राजमार्ग क्षेत्रों में योजना, निर्माण, संचालन, रखरखाव, सड़क सुरक्षा, विधि, वित्त, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जो योग्यता निर्धारित की गई है उसमें मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों और संस्थानों में पूर्णकालिक पाठ्यक्रमों के अंतिम तथा पूर्व-अंतिम वर्ष में अध्ययनरत स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
सिविल इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार, इलेक्ट्रिकल, डेटा साइंस एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विधि, जनसंचार एवं पत्रकारिता, राजभाषा, मानव संसाधन तथा एमबीए सहित संबंधित विषयों के विद्यार्थी पात्र होंगे। आईआईटी के विद्यार्थियों के लिए 100 और एनआईटी के विद्यार्थियों के लिए 150 सीटें आरक्षित हैं। चयनित विद्यार्थियों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह वजीफा और इंटर्नशिप पूरी करने पर प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी एनएचएआई के इंटर्नशिप पोर्टल के माध्यम से 20 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। संस्थानों द्वारा आवेदनों का सत्यापन और अनुशंसा 10 नवंबर तक की जाएगी।
