
बालाघाट, स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त श्री धनराजू एस ने शुक्रवार 14 अगस्त को बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित बैगा जनजाति बहुल ग्राम कुंडेकसा, मछुरदा, गठिया, बोंदारी एवं घुम्मुर का भ्रमण कर बीमारी की स्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री धनराजू एस ने कुंडेकसा में बीमारी से प्रभावित लोगों की जांच एवं उपचार के लिए बनाए गए अस्थाई अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं के संबंध में स्वास्थ्य अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने ग्रामों के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से भी चर्चा की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य आयुक्त श्री धनराजू एस ने बिठली एवं सोनगुड्डा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बैहर के सिविल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। आयुक्त श्री धनराजू एस ने सिविल अस्पताल बैहर में चिकित्सकों एवं अधिकारियों की बैठक लेकर प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने तथा प्रभावित ग्रामों के प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिये। उन्होनें ग्रामीणों को स्वच्छता एवं बीमार पडने पर अस्पताल में उपचार कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिये।
भ्रमण के दौरान बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, डॉ. अश्विन भागवत, उपसंचालक आईडीएसपी, डॉ. हिमांशु जायसवार, उपसंचालक एनवीबीडीसीपी, डॉ. आशीष सक्सेना, उपसंचालक एनसीडी, डॉ. सौरभ पुरोहित, उपसंचालक टीकाकरण, एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
